विज्ञान: कुछ परिभाषाएँ, कुछ विचार........
कई लोगों के दिलो-दिमाग में आधुनिक विज्ञान के प्रति नकारात्मक दृष्टिकोण है। वे आधुनिक विज्ञान को उपनिवेशवादी सृजन मानकर सीधे-सीधे नकार देते हैं या फिर अपनी प्राचीन परम्पराओं में विज्ञान को ढूंढ़ते हैं। वी.वी. रमण का मत है कि आधुनिक विज्ञान न तो पश्चिमी है और न ही उपनिवेशवादी, बल्कि यह तो ऐसा मानव उद्यम है जो भौतिक संसार के हर पहलू को उद्घाटित करना चाहता है। आधुनिक विज्ञान का इतिहास करीब साढ़े चार सौ साल पुराना है। भौतिक और जैविक दुनिया के बारे में मनुष्यों का ज्ञान बढ़ाने में इसकी अहम भूमिका रही है। इसीलिए मानव सभ्यता को विज्ञान ने व्यापक रूप से प्रभावित किया है। विज्ञान के बीज विश्व की कई संस्कृतियों, जैसे यूनान, भारतीय, चीनी और इस्लाम में भी बोए गए लेकिन उनका सबसे पहले अंकुरण पश्चिमी युरोप में हुआ और फिर वहीं से दुनिया के अन्य हिस्सों में उसका विस्तार हुआ। दुर्भाग्य से 16वीं से 19वीं सदी के दौरान साम्राज्यवादी युरोप ने कई देशों और वहाँ के लोगों को गुलाम बना लिया। हालाँकि, पिछले करीब डेढ़ सौ सालों में विज्ञान पश्चिमी से गैर-पश्चिमी देशों में भी फैला है, ल...